अल्मोड़ा: पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए इस बार एक लग्जरी फार्च्युनर कार का सहारा लिया। लेकिन पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस मामले में दो शातिर तस्करों को लाखों रुपये कीमत की अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि सोमवार यानि 18 मई को देघाट थाना पुलिस टीम द्वारा केदार उदयपुर रोड में ग्राम उदयपुर डोभरी गधेरा के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक फॉर्च्यूनर कार संख्या- CH 01-AR-9289 की तलाशी ली गई। वाहन की डिग्गी में रखे तीन कट्टों से कुल 54.450 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि तस्करी में संलिप्त दुर्गापुरी, रामनगर निवासी 36 वर्षीय हिम्मत सिंह बोरा और नई बस्ती पुछड़ी रामनगर निवासी 25 वर्षीय भरत रावत को गिरफ्तार किया गया है। कार को सीज करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 13 लाख 61 हजार रुपये से ज्यादा है। पुलिस दोनो तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। एसएसपी ने पुलिस टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।
India Bharat News Latest Online Breaking News