अल्मोड़ा। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र, हवालबाग में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया है। कार्यशाला में बिहार के गोपालगंज के 30 कृषकों को मोटे अनाज (श्री अन्न) के विभिन्न पहलुओं व उन्नत खेती का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के योजनान्तर्गत परियोजना निदेशक, गोपालगंज द्वारा प्रायोजित किया गया। कृषकों को पोषक अनाजों से सम्बंधित विभिन्न पहलुओं उच्च उपजशील प्रजातियों, उन्नत उत्पादन तकनीकी, पोषण सुरक्षा में महत्व के बारे में व्याख्यानों एवं भ्रमणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। कृषकों को आय वृद्धि के लिए उन्नत सब्जी उत्पादन एवं संस्थान की अन्य उन्नत तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षणार्थीयों को प्रमाण पत्र एवं मंडुवा व सब्जी फसलों के उन्नत बीजों का वितरण किया गया।
संस्थान के निदेशक डा. लक्ष्मीकांत ने किसानों को संस्थान द्वारा विकसित मिलेट थ्रेशर व उच्च उपजशील, जल्दी पकने वाली तथा रोग प्रतिरोधक प्रजातियों को अपनाने पर जोर दिया। संचालन डा. महेन्द्र सिंह भिंडा द्वारा किया गया।