Breaking News
Oplus_131072

अल्मोड़ा बारिश से बेहाल, अल्मोड़ा-हल्द्वानी NH समेत 18 सड़कें बाधित, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ एनएच बड़े वाहनों के लिए अब भी बंद

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में पिछले 18 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया। जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 18 सड़कें बाधित चल रही है। इन सड़को में आवागमन पूरी तरह ठप हो चुका है। कई गांवों में जिला मुख्यालय व स्थानीय कस्बों से संपर्क कटने के बाद मुश्किलें बढ़ गयी है। जिला प्रशासन व पुलिस बल मानसूनी बारिश को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

मौसम विभाग द्वारा अन्य जिलों के साथ ही अल्मोड़ा में भारी से भारी वर्षा होने की आशंका जताई थी। रविवार आधी रात से तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो सोमवार शाम तक जारी रहा।

 

अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ एनएच 309(बी) में कांडानौला के पास पहाड़ी से मलबा गिरने व बाद में बसोलीखान के पास सड़क का एक हिस्सा वाशआउट होने यह मार्ग कई घण्टे बाधित रहा। बसोलीखान के पास पहाड़ी की बैकसाइड कटिंग कर एनएच को छोटे वाहनो के लिए सुचारू कराया गया। जबकि बड़े वाहनो के लिए मार्ग बाधित है।

 

अल्मोड़ा हल्द्वानी एनएच 109 क़्वारब के पास मलबा गिरने से दिनभर यातायात के लिए बंद रहा। हालांकि, मशीनों से मार्ग को सुचारू करने का कार्य जारी था। इस मार्ग में सैंकड़ों वाहन व यात्री फंसे रहे।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली सूचना के मुताबिक जिले में अल्मोड़ा हल्द्वानी नेशनल हाईवे के अलावा 15 ग्रामीण और दो जिला मोटर मार्ग मलबा आने व दीवार क्षतिग्रस्त होने से बाधित है।

चौखुटिया विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चिनौनी में बचूली देवी पत्नी लछी राम का भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पूर्व प्रधान आनंद सिंह ने बताया भवन टूटने से पहले ही सोमवार को वृद्धा दूसरी जगह शिफ्ट हो गयी थी। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

 

धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत काफलीखान-भनोली मोटर मार्ग में ग्राम सन में एक विशालकाय देवदार का पेड़ बरसात के चलते गिर गया। जिसे जेसीबी की मदद से रोड़ के किनारे किया गया है।

 

जिला मुख्यालय में बारिश से कई जगह पर नुकसान हुआ है। नगर के उप्रेती खोला में दीवार क्षत्रिग्रस्त होने से रिहायशी भवनों को खतरा पैदा हो गया है। एसडीएम सदर संजय कुमार ने घटनास्थल पहुँचकर मौका मुआयना किया।

 

प्रभारी सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी ने बताया कि खतरे को देखते हुए सात परिवारों को आस पास में दूसरे भवनों में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके अलावा राजपुरा में दीवार ध्वस्त होने से एक घर मे मलबा घुस गया। कर्नाटक खोला, दुगालखोला, आकाशवाणी कॉलोनी, हीराडुंगरी में भी दीवार क्षतिग्रस्त हो गयी। इंदिरा कॉलोनी ने लोगों के घरों में पानी घुस गया। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंची।

 

नदी में बहता दिखा मृत गुलदार

अल्मोड़ा। भारी बारिश के बीच सोमवार को कोसी नदी में एक मृत गुलदार बहते हुए देखा गया। इटौला में लोगों ने इसका वीडियो अपने कैमरे में कैद किया। जिसके बाद कोसी बैराज के कर्मचारियों ने भी मृत गुलदार को डैम से बहते हुए देखा। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी सोमेश्वर मनोज लोहनी ने बताया कि इटौला के पास से किसी ने सूचना दी थी। टीम मौके पर गयी लेकिन गुलदार आगे की ओर बह गया था।

 

 

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *