पिथौरागढ़: पुलिस ने रोडवेज स्टेशन क्षेत्र में हुई मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की फन्टी भी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है।
क्या था पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 26 मार्च की रात रोडवेज स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने टकाना निवासी मनोज कुमार के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आरोपी ने घायल मनोज से उनकी नकदी और जरूरी दस्तावेज (आधार व पैन कार्ड) भी छीन लिए थे। इस मामले में 29 मार्च को पीड़ित की चचेरी बहन ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी की पहचान करने में सफल रही।
आरोपी केएमओमू स्टेशन से गिरफ्तार
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दलीप कुमार (23 वर्ष) को केमू स्टेशन के पास से दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम झरकाणा, जिला दार्चुला (नेपाल) का निवासी है और वर्तमान में पिथौरागढ़ में ही रह रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से पीड़ित मनोज कुमार का लूटा गया सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News