अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड की 20 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन द्वारा विकासखंड कार्यालय में की जा रही तालाबंदी अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद तीन दिन के लिए स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने संगठन की मांगों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए तीन दिन के भीतर प्रगति से अवगत कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय का ताला खोल दिया।
गौरतलब है कि विकासखंड स्तर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधान संगठन ने पूर्व में अनिश्चितकालीन तालाबंदी का निर्णय लिया था। इसके तहत सोमवार को ग्राम प्रधानों ने विकासखंड कार्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू कर दिया था।
परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला पंचायती राज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल तथा खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी ने आंदोलनरत प्रधानों के साथ वार्ता की।
बैठक में अधिकारियों ने 20 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने तथा तीन दिन के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी प्रधान संगठन को उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रधान संगठन ने आंदोलन को तीन दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि तय अवधि के भीतर मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।
इस दौरान प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, मंत्री प्रमोद जोशी, किशन सिंह, एबीडीओ रमेश कनवाल, प्रभारी एडीओ पंचायत तनुज गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News