अल्मोड़ा: उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ, निर्माण खंड शाखा की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, काशीपुर में तैनात अपर सहायक अभियंता इं. राजीव गौड़ के साथ हाल ही में बाजपुर में एसडीएम की मौजूदगी में हुई मारपीट एवं अभद्रता की घटना पर गहरा रोष एवं गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
संघ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही विभागीय अभियंताओं एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की गई।
संघ ने कहा कि वर्तमान में मानसून एवं आपदा काल के दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंता एवं कर्मचारी विषम और विपरीत परिस्थितियों में अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे समय में अभियंता के साथ मारपीट एवं अभद्रता की घटना अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। इस तरह की घटनाओं से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है।
बैठक में संघ की ओर से प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि उक्त प्रकरण में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं हुई, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन एवं कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होगा।
संघ ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
बैठक में इं. पूरन चन्द्र फर्त्याल, दीपक तिवारी, सुरेश चन्द्र लोबियाल, रिनी पाण्डे, जी.के. पाण्डे, गोविन्द सिंह महरा, गणेश जोशी, रवि दानी, हर्षिता सुयाल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News