Breaking News

कीचड़ से पटा क्वारब बाईपास, DM ने मौके पर जाकर हालातों का लिया जायजा, 8 एवं 9 सितंबर को इन वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा NH और बाईपास

अल्मोड़ा: जिले में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाइवे में क्वारब बाईपास कई जगह कीचड़ से पट चुका है। जहां बार-बार वाहन कीचड़ में फंस रहे है। जिससे जाम की समस्या बन रही है।

 

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को मौके पर जाकर हालातों का जायजा लिया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कीचड़ की समस्या को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे में क्वारब के पास पिछले दो साल से नासूर बने डेंजर जोन से लोगों को राहत दिलाने के लिए करीब 2 किलोमीटर का बाईपास बनाया गया था। बाईपास बनने से यात्रियों को काफी हद तक राहत तो मिली है लेकिन एक हिस्से में डामरीकरण नहीं होने से सड़क कीचड़ में तब्दील हो जा रही है। वाहन रेंग रेंग कर चल रहे है। कीचड़ में वाहन फंसने से यातायात प्रभावित हो रहा है। लोग तय समय पर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच या रहे हैं।

 

8 एवं 9 सितंबर को प्रतिबंधित रहेगा एनएच और बाईपास

अल्मोड़ा: लगातार बारिश के कारण मार्ग पर कीचड़ और पत्थर आने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। पहाड़ी से पत्थर और बोल्डर गिरने तथा अचानक भूस्खलन होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत अल्मोड़ा–क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी 56 तथा क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर भारी एवं यात्री वाहनों का आवागमन 8 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

 

इस अवधि में हल्के वाहनों तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों का संचालन पूर्व की भांति बाईपास मार्ग से जारी रहेगा। भारी वाहनों के लिए अल्मोड़ा–विश्वनाथ–शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13) तथा खैरना–रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14) को वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग की स्थिति पर निरंतर नजर रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Check Also

बड़ी खबर: एसडीएम के सामने PWD के अधिकारी की पिटाई, भाजपा नेता पर लगे मारपीट के आरोप, दोनों पक्षों ने कोतवाली में दी तहरीर

इंडिया भारत न्यूज डेस्क: उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से एक बड़ी खबर सामने आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *