अल्मोड़ा: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत 2 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना रविवार शाम करीब 7 बजे ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार काकड़ीघाट क्षेत्र में हरड़ा-शीतला मार्ग पर एक ऑल्टो कार संख्या- Uk04TA-2441 खाई में गिर गई। सूचना पर एसडीआरएफ की खैरना और सरियापानी पोस्ट से टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कार में तीन लोग सवार थे।
एसडीआरएफ की दोनों टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर 2 घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों की पहचान कार चालक किशोर कुमार (35) और कैलाश राम (46) के रूप में हुई है। दोनों को 108 एंबुलेंस से खैरना अस्पताल भेजा गया।
हादसे में आनंद राम (55), पुत्र डूंगर राम, निवासी ग्राम हरड़ा, ताड़ीखेत की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्यवाही के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
