Breaking News

पीआरडी जवानों ने मांगा सालभर रोजगार, दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल को सौंपा दो सूत्री ज्ञापन, पढ़ें पूरी खबर

अल्मोड़ा: प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन के जवानों ने मंगलवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल को ज्ञापन सौंपा। जवानों ने वर्षभर 365 दिन नियमित रोजगार देने और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) लागू करने की मांग उठाई।

 

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से शासन और विभाग के समक्ष अपनी मांगों को लेकर पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें वर्षभर रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इससे जवानों के सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट बना हुआ है। जवान प्रदेश में पुलिस थाना-चौकी, सुरक्षा व्यवस्था, चारधाम यात्रा, चुनाव ड्यूटी, चालक, अनुसेवक समेत विभिन्न विभागों और आपातकालीन सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

 

संगठन ने बताया कि छह अप्रैल 2026 को विभागीय मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में विभागीय सचिव, अधिकारियों और संगठन के प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इसमें दोनों मांगों के प्रस्ताव को आगामी कैबिनेट में रखने का आश्वासन दिया गया था। संगठन के अनुसार प्रस्ताव वर्तमान में शासन स्तर पर विचाराधीन है, लेकिन अभी तक इस संबंध में शासनादेश जारी नहीं हुआ है।

 

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री की ओर से वर्ष 2021-22 में पीआरडी जवानों को न्यूनतम 300 दिन का रोजगार दिए जाने की घोषणा की गई थी। घोषणा के चार से पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद इसके अनुपालन में शासनादेश जारी नहीं होने से जवानों में नाराजगी है।

 

दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने पीआरडी जवानों को उनकी मांगों को शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीआरडी कर्मी शासन-प्रशासन की मजबूत रीढ़ हैं और उनकी मांगें जायज हैं। इन मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।

 

ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लाक अध्यक्ष हवालबाग देवेंद्र प्रसाद, गोविंद सिंह, मुकेश, विपिन बिनवाल, सोबन लटवाल, मनोज ​कुमार, ओम प्रकाश, विनोद रौतेला, नरेंद्र, गणेश प्रसाद, बीरेंद्र, कृष्णा चौहान, रेखा देवी, रश्मि टम्टा, भरत कुमार, भगवान सिंह मर्तोलिया, विजय प्रसाद, आनंद सिंह नयाल सहित कई पीआरडी कर्मी शामिल रहे।

Check Also

NMOPS ने कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन भुवन कापड़ी को सौंपा ज्ञापन, घोषणा-पत्र में पुरानी पेंशन बहाली को प्रमुखता से शामिल करने की मांग

अल्मोड़ा: पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आन्दोलन (NMOPS) जनपद इकाई की ओर से उत्तराखण्ड में पुरानी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *