Breaking News

धामी सरकार का एक साल: घोषणापत्र के अनुरूप काम कर रही सरकार: शर्मा

अल्मोड़ा: धामी सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को एक साल नई मिसाल थीम के तहत हवालबाग ब्लॉक मुख्यालय स्थित खेल मैदान में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक अल्मोड़ा एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैलाश शर्मा ने वर्तमान सरकार के एक साल के पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने राज्य की जनता से जो वायदें किए थे, सरकार उन पर काम कर रही है और पिछले एक साल में कई वायदों को पूरा करने का काम सरकार ने किया है। भाजपा सरकार आगे भी इसी तरह प्रदेश का संतुलित विकास करेगी। राज्य के विकास में सभी वर्गों की भूमिका है। हम सब मिलकर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सीएम पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है।

इस शिविर में चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग समेत जनपद के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को विभागीय सेवाएं प्रदान की तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक, ‘विकास पुस्तिका’ का विमोचन किया गया।

इस दौरान इस शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा 11.30 लाख का ऋण लाभार्थियों को वितरित किया गया। एनआरएलएम से 5 लाख रुपए सीसीएल के तहत लाभार्थियों को दिए गए। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के तहत 15 लोगों को 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। कृषि विभाग द्वारा 10 स्याही लौह हल वितरित किए तथा आत्मा योजना के तहत 4 लोगों को पुरस्कृत किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा 9 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई तथा नंदा गौरा समेत अन्य योजनाओं से 118 महिलाओं को लाभान्वित किया गया।

आपूर्ति विभाग ने 30 शिकायतों का निस्तारण किया। चिकित्सा विभाग ने 23 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए। 121 लोगों को चिकित्सा हेतु पंजीकृत किया। आयुर्वेदिक विभाग ने 123 लोगों को दवाएं दी। होम्योपैथी विभाग ने 112 लोगों को दवाएं दी। ईएनटी के 3, आर्थो के 8, आंख के 5 तथा 7 मानसिक रोगियों की जांच की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन लाइव प्रसारित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि सरकार के एक साल नई मिसाल के तहत विधानसभावार बहुउद्देशीय शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। उन्होंने जनपद की जनता से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश बहुगुणा, मंडल अध्यक्ष भाजपा संजय बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा लीला बोरा, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, पंकज जोशी, विनीत बिष्ट, राजेन्द्र बिष्ट, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीडीओ अंशुल सिंह, एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सहायक नोडल डीडीओ के.एन तिवारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Check Also

‘एक पेड़ मां के नाम’ पर BJP हवालबाग मंडल की पहल… कसून बूथ में लगाए पौंधे

अल्मोड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत …