चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। जहां यात्रियों को ले जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। जिसमें पायलट समेत 6 लोग सवार थे। हादसे में पायलट समेत सभी यात्रियों की मौत हो गई। मीडिया रिपोटर्स के मुताबिक पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने सभी 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक यह सभी यात्री कर्नाटक बेंगलुरु के निवासी थे। वहीं पायलट दिल्ली के रहने वाले थे। शुक्रवार दोपहर एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी सामने आई थी। कुछ दी देर बार सूचना मिली कि हेली चाई गांव जोशीमठ के पास क्रैश हो गया है। इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि शुक्रवार को 2 बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, चमोली द्वारा सूचना दी गई कि ट्रांस भारत कंपनी का एक सिविल हेलीकॉप्टर, जिसमें 5 यात्री तथा 1 पायलट सवार थे, बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर आ रहा था। सेना की सिग्नल सेंटर टीम द्वारा उक्त क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठता हुआ तथा उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए देखा गया।
सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन चमोली द्वारा तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय पुलिस एवं जिला आपदा प्रबंधन की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पांडुकेश्वर सड़क से सात किलोमीटर लगभग पैदल रास्ते पर घटनास्थल स्थित है।
यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।
मृतकों के नाम
कैप्टन हिमांशु सभरवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी दिल्ली (पायलट)
प्रताप, उम्र 41 वर्ष, निवासी कर्नाटक
अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, निवासी कर्नाटक
वीबी. शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, निवासी कर्नाटक
सुधीर के., उम्र 50 वर्ष, निवासी कर्नाटक
एचएस नटराजा उम्र 51 वर्ष कर्नाटक
India Bharat News Latest Online Breaking News