बागेश्वर (Bageshwer) में 17 दिन बाद सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो गया है, बताया जा रहा है कि आरोपी भाई बहन ने पहले चारपाई के नीचे शव छिपाया, फिर कार में डालकर गोमती नदी में फेंक दिया ।
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
बागेश्वर के बहुचर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बागेश्वर (Bageshwer) की रहने वाली एक महिला और वकील धीरेंद्र परिहार (Dhirendra Parihar) के बीच संबंध थे ।
महिला से जबरदस्ती करने के आरोप
17 अक्टूबर की रात धीरेंद्र (Dhirendra Parihar) महिला के घर पहुचा जहां उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की जिसके चलते महिला ने घर में रखी लोहे की रॉड से धीरेन्द्र(Dhirendra Parihar) के सिर पर दो वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
भाई-बहन ने कार से नदी में फेंका
हत्या के बाद महिला ने शव को घर में ही चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन उसने अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को कार की पिछली सीट पर रखा और गिरेछीना मोटर मार्ग स्थित थुनाई बैंड के पास गोमती नदी में फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद
इधर, 17 अक्टूबर से लापता धीरेन्द्र (Dhirendra Parihar) की तलाश में जुटी पुलिस को मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस महिला तक पहुंची। पूछताछ के बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। तीन नवंबर की शाम पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी से धीरेन्द्र का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और कार भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय लता भंडारी निवासी नुमाइशखेत और 39 वर्षीय त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू निवासी कठायतबाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
India Bharat News Latest Online Breaking News