Breaking News

मुख्य वन संरक्षक ने बिन्सर सेंचुरी का किया भ्रमण, वनाग्नि व मानव-वन्य जीव संघर्ष पर सामाजिक संगठनों से लिए सुझाव

अल्मोड़ा। मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं धीरज पांडे इन दिनों जिले के भ्रमण पर है। इस दौरान उन्होंने जिले में विकास कार्यों की समीक्षा की। गुरुवार को मुख्य वन संरक्षक ने बिन्सर वन्य जीव विहार का भ्रमण किया। जहां प्रकृति परिचय केन्द्र का निरीक्षण कर वन शहीदों की स्मृति में शहीद स्मारक बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को इसके लिए भूमि का चयन करने व आगणन बनाकर तत्काल कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया।

मुख्य वन संरक्षक मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनता के बीच जाकर जनता से संवाद करने व आगामी वनाग्नि काल के लिए पूर्ण तैयारी करने के निर्देशित किया। ग्रामीण महिलाओं व अन्य लोगों को जागरूक कर उन्हें विभाग के साथ जोड़ने तथा क्षेत्र में स्थित स्कूलों में बैठक कर बच्चों को वनाग्नि के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए।

सामाजिक संगठनों ने सौंपा सुझाव पत्र

मुख्य वन संरक्षक के बिन्सर भ्रमण के दौरान लोक प्रबंध विकास संस्था के ईश्वर जोशी के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर बिनसर में वनाग्नि नियंत्रण एवं मानव वन्य जीव संघर्ष की समस्याओं पर विमर्श किया। इस दौरान दावानल नियंत्रण के लिए उन्हें 14 सूत्रीय सुझाव पत्र सौंपा। पत्र में वनाग्नि की घटनाओं के लिए फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की कमी, वन विभाग व समुदाय के मध्य भारी संवादहीनता, फायरवाचरों की नियुक्ति व मजदूरी भुगतान में खामियां, आवश्यक उपकरणों का अभाव, अग्नि बटियाओं का समाप्त होना, परंपरागत हक हकूकों में कटौती, मानव वन्य जीव संघर्ष को कम करने में विभाग की नाकामी जैसे कई कारणों को बताते हुए उससे निपटने के लिए तमाम सुझाव दिए गए हैं।

लोक प्रबंधन विकास संस्था के ईश्वर जोशी ने बताया कि मुख्य वन संरक्षक द्वारा इन सुझावों पर हर संभव कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके द्वारा प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) को संबोधित इस सुझाव पत्र को राज्य में वन विभाग के कई आला अधिकारियों को मेल के माध्यम से भेजा गया है।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वन संरक्षक उत्तरी कुमाउं कोको रोशे, डीएफओ दीपक कुमार, डीएफओ सिविल सोयम प्रदीप कुमार धौलाखंडी, वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल, वन पंचायत सरपंच संगठन के अध्यक्ष सुंदर सिंह पिलख्वाल, ग्राम प्रधान महेश कुमार, दीप्ति भोजक, संसाधन पंचायत की पूजा बोरा, अशोक भोज व कई विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

Check Also

नगि सभागार में हुई रेड क्रॉस सोसाइटी की बैठक, अनदेखी पर प्रदेश कार्यकारणी के खिलाफ पास किया निंदा प्रस्ताव

अल्मोड़ा: नगर निगम सभागार में रविवार को रेडक्रॉस सोसाइटी की आकस्मिक बैठक हुई। शाम 4 …