अल्मोड़ा: पति गिरधारी लाल साहू के साथ हुए घरेलू विवाद के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर पहुंचीं। मंत्री के सम्मान में कार्यकर्ताओं ने धन्यवाद रैली का आयोजन किया। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या के समर्थन में सैकड़ों की तादाद में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मंत्री रेखा आर्या भावुक नजर आईं।
मंत्री रेखा आर्या ने जनसभा को संबोधित करते हुए सोमेश्वर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में जिस तरह क्षेत्र की जनता ने उनके प्रति प्रेम, विश्वास और अपनत्व प्रदर्शित किया है, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पूंजी है। जनता का यह अपार स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र और प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। आगे भी सोमेश्वर के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी।
रेखा आर्या ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज विपक्ष द्वारा उनकी परिस्थितियों को लेकर अनर्गल सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए की उनके समय कितने घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि सत्ता में रहते हुए उसने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया। कहा कि जनता आज विपक्ष से उसके कार्यकाल का जवाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुन्दर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, वंदना आर्या समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News