Breaking News

डीएम ने नगर क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, पार्किंग में अव्यवस्था एवं गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नगर की व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर के टैक्सी स्टैंड तिराहे स्थित पार्किंग से खोल्टा को जाने वाले सीढ़ी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर पानी की पाइपलाइन में हो रहे रिसाव, साफ-सफाई की स्थिति तथा मार्ग के आसपास उगी झाड़ियों का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पानी की पाइपलाइन में हो रहे रिसाव को तत्काल ठीक कराने, सीढ़ी मार्ग पर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आसपास उगी झाड़ियों का कटान कराने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने टैक्सी स्टैंड तिराहे के पास स्थित पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग के नीचे खुले पड़े हिस्से को सुरक्षित ढंग से बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त स्थान पर उपलब्ध खाली जगह का जनहित में किसी सकारात्मक एवं उपयोगी कार्य के लिए सदुपयोग किए जाने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

 

इसके बर्फ जिलाधिकारी ने पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप द्वारा संचालित डॉग शेल्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने शेल्टर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आसपास उगी झाड़ियों का कटान कर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने शिखर तिराहे पर स्थित नगर पालिका पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग परिसर में अव्यवस्था, बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों तथा गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर आयुक्त को पार्किंग की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा परिसर में व्यापक साफ-सफाई कराने के लिए पार्किंग संचालक को नोटिस देने निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जाए, ताकि उपलब्ध स्थान का अधिकतम उपयोग हो सके तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर क्षेत्र में स्वच्छता, सुव्यवस्थित पार्किंग एवं सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी करते हुए साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

 

इस दौरान नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, एसडीएम संजय कुमार, पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप, पार्षद अमित साह, अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

धौलछीना रामलीला में रामविलाप से बाली वध तक के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन

पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया सप्तम दिवस की रामलीला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *