देहरादून: उत्तराखंड के मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली। जहां उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने राज्यपाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के 9 वें राज्यपाल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। राजपाल की शपथ लेने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया।
राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि उन्हें देवभूमि की सेवा करने का अवसर मिला है जिसके लिए वह अपने शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं। साथ ही कहा कि उत्तराखंड सिर्फ एक राज्य ही नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति का एक केंद्र भी है। उत्तराखंड, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चारधामों की भूमि है यही नहीं, आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसे अलौकिक पवित्र स्थल भी मौजूद हैं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम परिसर से कहा था कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा। इसी विजन को साकार करते हुए हमें प्रदेश के इस विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
राज्यपाल ने अपनी प्राथमिकताओं को बताते हुए कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में राज्यपाल के रूप में संवैधानिक मूल्यों की सदैव रक्षा करना, पद की गरिमा को बनाए रखते हुए, राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, रोजगार और जनकल्याण की योजनाओं को गति देना है। इसके साथ ही देवभूमि की शांति, सुरक्षा एवं समृद्धि परम ध्येय है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
