द्वाराहाट (अल्मोड़ा): हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को द्वाराहाट में जिले के प्रभारी मंत्री एवं शिक्षा-सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। वाद्ययंत्रों के साथ निकली यात्रा में हाथों में तिरंगा थामे बच्चों और कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से माहौल को देशभक्तिमय बना दिया।
तिरंगा यात्रा घटगाड़ पुल से शुरू होकर रानीखेत रोड होते हुए मुख्य चौराहे तक पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा नगर तिरंगामय नजर आया और देशभक्ति के नारों से नगर गुंजायमान रहा। मुख्य चौराहे पर जिला प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
यात्रा में पूर्व विधायक महेश नेगी, पलायन आयोग सदस्य अनिल शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला महामंत्री भूपेंद्र कांडपाल, आशुतोष शाही, जिला पंचायत सदस्य सूरज उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य युगल किशोर आर्य, कैलाश भट्ट, जगदीश बुधानी, धीरेन्द्र मठपाल, हरीश भट्ट, विजय बजेठा, बीरेंद्र नेगी, नंदिता भट्ट, ममता भट्ट, पूजा साह, रेनू बजेठा, रेखा मेहरा तथा उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में प्राथमिक विद्यालयों, जीआईसी, जीजीआईसी, विवेकानंद विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, राजकीय पॉलिटेक्निक, बीटीकेआईटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
India Bharat News Latest Online Breaking News