अल्मोड़ा: स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ अल्मोड़ा और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से मानसून मैराथन 2026 का तीसरा संस्करण रविवार, 23 अगस्त को धारानौला में आयोजित किया जाएगा। मैराथन का शुभारंभ सुबह 6 बजे होगा। आयोजन का स्टार्टिंग और फिनिशिंग प्वाइंट धारानौला रहेगा।
आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग दौड़ आयोजित की जाएंगी। मेंस ओपन कैटेगरी में 21 किलोमीटर और वूमेन्स ओपन कैटेगरी में 11 किलोमीटर की दौड़ होगी। वहीं, 50 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए 6 किलोमीटर की दौड़ रखी गई है।
बच्चों के लिए Kid’s Run for Fun Race का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 500 मीटर तथा 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 1 किलोमीटर की दौड़ होगी।
मैराथन के विभिन्न वर्गों में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। सभी प्रतिभागियों को फ्री रिफ्रेशमेंट के साथ टी-शर्ट, मेडल और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को दौड़ के माध्यम से फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है।
आयोजकों के अनुसार, मेंस ओपन 21 किमी और वूमेन्स ओपन 11 किमी के लिए प्रवेश शुल्क 500-500 रुपये निर्धारित किया गया है। 50+ आयु वर्ग की 6 किमी दौड़ के लिए 300 रुपये तथा Kid’s Run के लिए 200 रुपये प्रवेश शुल्क रखा गया है।
प्रतिभागी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण करा सकते हैं। ऑफलाइन पंजीकरण के लिए मेट्रो रेस्टोरेंट, धारानौला, अल्मोड़ा में संपर्क किया जा सकता है।
आयोजन समिति ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यालयों और खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। समिति ने कहा कि सभी लोग बारिश में दौड़ के रोमांच का आनंद लेते हुए “Run Through the Rain – Feel the Gain” के संदेश को आगे बढ़ाएं।
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए नगर व्यापार मंडल उपसचिव अश्वनी नेगी (8171716169), मयंक कपकोटी (7906313669) और मनीष पांडे (8218260267) से संपर्क किया जा सकता है।
India Bharat News Latest Online Breaking News