Breaking News

जहां से सीखा, वहीं पहुंचकर छात्राओं को सफलता का मंत्र दे गईं अल्मोड़ा निवासी IRS अफसर श्रद्धा जोशी, विद्यालय परिवार ने किया जोरदार स्वागत

अल्मोड़ा: पीएम श्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा एवं मुंबई में कमिश्नर कस्टम्स के पद पर कार्यरत आईआरएस अफसर श्रद्धा जोशी शर्मा ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया।

 

छात्राओं को संबोधित करते हुए श्रद्धा जोशी ने कहा कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। जीवन में कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है, बशर्ते उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि सादा जीवन और उच्च विचार व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। छात्राओं को अपने सपनों को सीमित नहीं करना चाहिए, बल्कि बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए।

 

विद्यालय की पूर्व छात्रा को प्रशासनिक सेवा के उच्च पद पर देखकर छात्राओं में विशेष उत्साह और गर्व की भावना दिखाई दी। श्रद्धा जोशी के प्रेरणादायी उद्बोधन से छात्राएं उत्साहित नजर आईं। उन्होंने छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता की राह में आने वाली चुनौतियों का सामना धैर्य और आत्मविश्वास के साथ करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर श्रद्धा जोशी के माता-पिता भी मौजूद रहे। उनके पिता प्रो. जीसी जोशी सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता लीला जोशी आर्य कन्या इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं।

 

कार्यक्रम में अभिभावक, बीएड प्रशिक्षु, छात्राएं एवं विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या विजया पंत एवं विद्यालय परिवार ने श्रद्धा जोशी शर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या पंत ने कहा कि विद्यालय की पूर्व छात्रा का प्रशासनिक सेवा के उच्च पद तक पहुंचना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धियां विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

 

Check Also

जीआईसी लोधिया में बड़ा हादसा टला, भरभराकर गिरा जर्जर छत का प्लास्टर, बाल-बाल बचे शिक्षक

-घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों में डर का माहौल -अभिभावकों ने प्रशासन से कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *