अल्मोड़ा। द्वाराहाट नगर के शीतलापुष्कर वार्ड निवासी अभिमन्यु कांडपाल का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड “बीसीसीआई” के अंडर 16 कैंप के लिए चयन हुआ है। इससे पूर्व अभिमन्यु उत्तराखंड राज्य क्रिकेट टीम अंडर 14 एवं अंडर 16 का हिस्सा भी रहे हैं।
बीसीसीआई द्वारा विजय मर्चेंट ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अपने एक माह के कैंप के लिए चयनित किया था। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अभिमन्यु ने शानदार आलराउंड प्रदर्शन कर सबसे ज्यादा 25 विकेट व 276 रन बनाकर अपना स्थान पक्का किया। इस अभ्यास वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बीसीसीआई भविष्य में अपने साथ अनुबंधित करेगा। सभी चयनित खिलाड़ी वर्तमान में सवाई माधो सिंह स्टेडियम जयपुर में देश के राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट विशेषज्ञों से क्रिकेट के सभी गुरु सीख रहे हैं।
अभिमन्यु के पिता हरीश चंद्र कांडपाल वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं माता लीना कांडपाल गृहणी हैं। उनके चयन पर विधायक मदन सिंह बिष्ट, ओलंपिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक महेश नेगी, पुष्पेश त्रिपाठी, नप अध्यक्ष संगीता आर्या, अनिल शाही, मुकुल साह, अनिल चौधरी, विनोद जोशी, भूपेंद्र कांडपाल सहित खेल प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की है।
India Bharat News Latest Online Breaking News