इंडिया भारत न्यूज डेस्क। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुए बवाल के बाद से सियासत गर्म है। अब हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश का सरकारी गनर हटा दिया गया है, जिससे मामला और भी ज्यादा गरमा गया है। सुमित हृदयेश ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और नई सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है।
विधायक सुमित हृदयेश का आरोप है कि उनकी जासूसी कराने के लिए नैनीताल पुलिस कप्तान ने नया गनर भेजा था, जिसे वो नहीं रखेंगे। इसलिए उन्होंने अपना गनर लौटा दिया।
बता दें कि, 14 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान शुरू हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस विधायक सुमित का गनर बदल दिया था। इसके बाद उन्हें दूसरा गनर दिया गया था, जिसे कांग्रेस विधायक सुमित ने लौटा दिया है और सुरक्षा लेने से इंकार कर दिया है। विधायक सुमित का आरोप है कि पुलिस कप्तान उनकी जासूसी करना चाहते हैं, इसलिए उनका गनर बदला गया है।
विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि नैनीताल एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने साबित कर दिया है कि वो राजनीतिक कप्तान हैं, जो सत्ताधारी पार्टी की द्वेष भावना से उनके ऊपर काम कर रहे हैं। उन्हे पहले गनर को लेकर कोई शिकायत नहीं थी। फिर भी उस गनर को हटा दिया गया।
विधायक सुमित का आरोप है कि जानबूझकर उनका गनर हटाया गया है, ताकि एलआईयू उनकी गाड़ी में बैठ जाए और उनकी सारी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसलिए उन्होंने उनकी सुरक्षा उन्हीं के हवाले कर दी है।
सुमित हृदयेश ने कहा कि नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने कप्तान को जमकर लताड़ लगाई थी। कोर्ट में कप्तान की बोलती बंद हो गई थी। अगर कप्तान में इतनी हिम्मत है तो वो हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का भी गनर बदलकर दिखाएं।
सुमित हृदयेश ने कहा कि कप्तान उन्हें आईना दिखाने का काम करते हैं जबकि गलत काम पहले वो खुद करते हैं। जिला पंचायत सदस्यों का किडनैप, कांग्रेस विधायकों और नेता प्रतिपक्ष के साथ मारपीट भी पुलिस की निगरानी में ही होती है। फिर भी कप्तान तेवर दिखा रहे हैं। हृदयेश ने साफ किया है कि उन्हें पुलिस की सुरक्षा नहीं चाहिए। उन्हें पुलिस की नीयत भी साफ नहीं लग रही है।
वहीं, कुछ इस तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि नैनीताल बवाल के दिन गनर विधायक सुमित हृदयेश की सुरक्षा नहीं कर पाया. इस पर सुमित हृदयेश ने कहा कि उनके गनर ने उनकी पूरी सुरक्षा की है.
कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश के लगाए आरोपों पर नैनीताल एसएसपी प्रहृाद नारायण मीणा ने मीडिया को बताया कि अभी वो इस मामले को दिखा रहे हैं। उनके पास पूरी जानकारी नहीं है। हो सकता है रेगुलर प्रोसेस में गनर बदला गया हो। फिलहाल उन्होंने इस मामले को दिखाने की बात कही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News