अल्मोड़ा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट की पत्नी उमा सिंह बिष्ट को सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। पार्थिव शरीर बुधवार सुबह उनके बग्वालीपोखर स्थित आवास पर पहुंचा, जहां क्षेत्रवासियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उमा सिंह बिष्ट का मंगलवार रात नोएडा स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह आठ बजे उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद सैकड़ों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। जिसके बाद उनकी अंतिम यात्रा बग्वालीपोखर से नौलाकोट स्थित कुल्हडिया श्मशान घाट के लिए निकली।
अंतिम यात्रा में अल्मोड़ा, बागेश्वर, रानीखेत, द्वाराहाट, सोमेश्वर, चौखुटिया, जालली समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उमा सिंह बिष्ट के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए लोगों ने कहा कि उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। वें लंबे समय तक सामाजिक सेवा और जनहित में कार्यरत रहीं। अंतिम संस्कार के समय पूरा वातावरण शोकमय था।
उनकी अंतिम यात्रा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, रानीखेत कांग्रेस अध्यक्ष दीपक किरौला, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, बागेश्वर से हरीश ऐठानी और राजेंद्र टंगणिया, तहसीलदार तितिक्षा जोशी, सीओ विमल प्रसाद, कोतवाल विनोद जोशी, जिपं सदस्य भूपाल भंडारी, युगल किशोर आर्य, सूरज उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, ब्लॉक प्रमुख द्वाराहाट आरती किरौला, ताड़ीखेत बबीता मेहरा, नपं अध्यक्ष संगीता आर्या, नारायण रावत, किशोर जोशी, ललित पालीवाल, निर्मल मठपाल सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी शामिल हुए।
India Bharat News Latest Online Breaking News