Breaking News
Oplus_131072

खुलेआम चल रहा मिट्टी फेंकने का खेल, रोकने में पुलिस-प्रशासन फेल, कार्रवाई नहीं होने से खड़े हो रहे कई सवाल

अल्मोड़ा। नगर से सटे कर्बला व आस पास के क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी व निष्प्रयोज्य सामग्री फेंकने का खेल थम नहीं रहा है। हैरत की बात यह है कि लंबे समय से रात के अंधेरे में यहां इस तरह की अवैध गतिविधियां खुलेआम चल रही है। लेकिन पुलिस-प्रशासन इन गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। शिकायत के बाद भी प्रशासन व पुलिस के नाक के नीचे चल रहा यह अवैध खेल आखिर क्यों नहीं थम रहा, इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं।

 

प्रशासन की ओर से कर्बला में डंपिंग जोन बनाया गया है। लेकिन डंपिंग जोन वाला स्थान लगभग मिट्टी से पूरी तरह पट चुका है। कुछ वाहन चालक नियमों का ताक पर रखकर प्रतिबंधित क्षेत्रों में मिट्टी व निष्प्रयोज्य सामग्री फेंक रहे है। गुरुवार रात भी कर्बला से लोधिया के बीच करीब चार से पांच जगहों पर अवैध रूप से मिट्टी फेंकी गई है।

 

पूर्व में भी स्थानीय लोगों ने इस मामले में कई बार प्रशासन व पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत भी की है। लेकिन न तो यह अवैध गतिविधि पर रोक लग सकी और न ही इसे अंजाम देने वाले लोगों और वाहन चालकों पर कोई कार्रवाई हो रही है।

 

इस मामले में किसी पर कोई कार्रवाई न होना और पुलिस अधिकारियों की चुप्पी अब कई सवाल खड़े कर रही है। साथ ही लोग पुलिस व प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

जिला प्रशासन में तहसीलदार स्तर से डंपिंग जोन में मिट्टी फेंकने की अनुमति दी जाती है। अनुमति लेने वाले मिट्टी को डंपिंग जोन में ही डंप करा रहे है या फिर अवैध रूप से अन्य जगहों पर फेंक रहे हैं, इसे देखने का कार्य पुलिस का है। इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में मिट्टी फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तहसीलदार व पुलिस को आदेश कर दिए है।
  -संजय कुमार, एसडीएम सदर, अल्मोड़ा।

 

प्रतिबंधित क्षेत्रों में निष्प्रयोज्य सामग्री फेंकने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारी को पूर्व में निर्देश जारी किए गए है। सड़क किनारे अवैध रूप से मिट्टी व निष्प्रयोज्य सामग्री फेंकने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है, इसकी जांच कराई जाएगी।
   -जीडी जोशी, पुलिस उपाधीक्षक, अल्मोड़ा।

 

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *