Breaking News
Oplus_131072

Breaking: हवालबाग क्षेपं की बैठक में नहीं पहुंचे अधिकांश अफसर, नाराज जनप्रतिनिधियों ने किया बैठक का बहिष्कार, यह चेतावनी दी

अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक जनप्रतिनिधियों के विरोध के चलते नहीं हो सकी। निर्धारित समय सुबह 11 बजे बैठक शुरू होनी थी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे। इससे नाराज जनप्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।

 

अधिकारियों की अनुपस्थिति से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठकें लंबे अंतराल के बाद आयोजित होती हैं, ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों का अनुपस्थित रहना विकास कार्यों को प्रभावित करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए पुनः बैठक आयोजित नहीं की गई तो ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी और पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों में विकास कार्य भी रोकने की बात कही गई।

 

ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने सदन में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और बैठक की कार्यवाही स्थगित करते हुए शीघ्र नई तिथि घोषित करने के निर्देश दिए।

प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों का अनुपस्थित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था और पंचायती राज प्रणाली के प्रति गंभीर लापरवाही है।

 

संगठन महामंत्री विनोद जोशी ने कहा कि बैठक में दूर-दराज से प्रधान अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, लेकिन अधिकारियों के नहीं पहुंचने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यालय क्षेत्र का ब्लाक होने के बावजूद अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हो रहे हैं, ऐसे में जिले के दूरस्थ विकासखंडों की स्थिति क्या होगी, इससे समझा जा सकता है।

 

बैठक के बहिष्कार में प्रधान संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुंदर मटियानी, उपाध्यक्ष चंद्रिका तिवारी, मंत्री प्रमोद चंद्र जोशी, मोहन सिंह, देवेंद्र मेहरा, जमन सिंह, ममता जोशी, पंकज रौतेला, प्रकाश चंद्र जोशी, प्रदीप पालनी, चंद्र प्रकाश, अनिल मोहन, नंदन सिंह, प्रवीण मेहता सहित कई प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

Check Also

मौलिक और प्रमाणिक अनुसंधानों को समाज हित में प्रोत्साहित करें अनुसंधानकर्ताः नमिता प्रसाद

नई दिल्ली: केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद द्वारा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *