Breaking News

हवालबाग विकासखंड की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाएं कई मुद्दे, कंटिंजेंसी राशि काटे जाने का किया विरोध

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड में बैठक आहूत की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। इस बैठक में जिला स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

बिमौला ग्राम प्रधान ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल मैदान की कमी का मुद्दा उठाया, जबकि देवलीखान में आंगनबाड़ी भवन के हस्तांतरण की समस्या भी सामने रखी गई। कृषि विभाग द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं देवलीखान पशु सेवा केंद्र में कैंप लगाने की मांग भी प्रधानों द्वारा की गई।

 

प्रधान संगठन के महामंत्री एवं ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी ने पंचायती राज विभाग द्वारा 5% कंटिंजेंसी राशि काटे जाने का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा दी गई वित्तीय राशि से ही कंटीजेंसी काटी जाएगी, तो प्रधानों के खातों में धनराशि भेजने का औचित्य ही क्या रह जाता है। इस पर सभी प्रधानों ने एकजुट होकर विरोध किया और कंटीजेंसी राशि नहीं देने की मांग का समर्थन किया।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ग्राम प्रधान उसकून देवेंद्र मेहरा ने भनर गांव पंपिंग योजना में आपूर्ति बाधित होने पर सवाल उठाया। वहीं ग्राम प्रधान स्यूरा प्रमोद जोशी ने स्यूरा-बरशिमी पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति न होने और वितरण व्यवस्था में खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

 

विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं में भगतोला के प्रधान मनोहर सिंह ने पिछले 6 महीनों से ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर सवाल उठाया।ग्राम प्रधान ढेली ने प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत का प्रस्ताव रखा। अन्य प्रधानों ने भी विद्यालयों के सुधारीकरण तथा बंद पड़े स्कूलों के वैकल्पिक उपयोग पर शिक्षा विभाग से चर्चा की।

 

सड़क मरम्मत, वन्य जीवों से सुरक्षा और तारबाड़ जैसी समस्याएं भी बैठक में उठाई गईं। ग्राम प्रधान फड़का मोहन सिंह कनवाल ने गौशाला और बकरीबाड़ा निर्माण के लिए 80 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित करने की मांग की।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, बीडीओ एस.एस. दरियाल, एबीडीओ पंचायत प्रमेंद्र पांडे, एसडीएम संजय कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन एबीडीओ रमेश कनवाल ने किया।

 

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, संदीप कुमार, जमन सिंह, भूपेंद्र आर्य, सोनी पांडे, अनिल टम्टा, कमलेश आर्या, संतोष आर्या सहित अन्य ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

Check Also

Big breaking: लोधिया में बड़ा सड़क हादसा, डंपर से टकराने के बाद कोल्ड ड्रिंक से लदा वाहन पलटा, सरकारी वाहन समेत दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त

  अल्मोड़ा: अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाईवे में लोधिया के पास शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसा …