Breaking News

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत बोले- मोदी सरकार के 12 साल ऐतिहासिक और अभूतपूर्व

अल्मोड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगुवाई वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जिले के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता की। उन्होंने मोदी सरकार के पिछले 12 सालों की उपलब्धियां गिनाते हुए कार्यकाल को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया।

 

​मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जरिए आज गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन समेत अन्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों पात्र और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ पहुंचा है।

 

मंत्री ने कहा कि आज पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण वैश्विक पटल पर भी भारत का मान सम्मान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आज सभी राज्य एकजुट होकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे नेटवर्क, हवाई अड्डों, मेट्रो सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा भारतनेट परियोजना जैसी पहलें विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है और इसी उद्देश्य को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।

 

प्रेस वार्ता में महापौर अजय वर्मा, दर्जाधारी राज्यमंत्री गोविन्द सिंह पिलख्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, ब्लाक प्रमुख त्रिलोक रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, भाजपा मीडिया प्रभारी मनीष जोशी आदि मौजूद रहे।

इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचने पर जिलाध्यक्ष महेश नयाल समेत अन्य पदधिकारियों ने प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का स्वागत किया।

Check Also

बड़ी खबर: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी में जंतर-मंतर पहुंचे व्यक्ति का वीडियो वायरल, पुलिस मुख्यालय ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *