Breaking News

सड़कों के गड्ढों को लेकर नगर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सरकार और प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा: कांग्रेस ने नगर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सड़क के गड्ढों को चिन्हित कर उनमें पेंट किया और शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। इस दौरान प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

 

महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि नगर की सड़कों की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आम जनता, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। यदि जल्द ही सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया और गड्ढों को नहीं भरा गया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

 

नगर महामंत्री वैभव पांडे ने कहा कि आम जनता टैक्स के माध्यम से सरकार के राजस्व में अपना योगदान देती है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि सरकार का ध्यान अब जनता की मूलभूत सुविधाओं की ओर नहीं है। सड़क आम जनता की सबसे महत्वपूर्ण मूलभूत सुविधाओं में शामिल है, लेकिन अल्मोड़ा नगर की सड़कों की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढे आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने के साथ-साथ दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। केवल घोषणाओं और दावों से सड़कें ठीक नहीं होंगी, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। यदि जल्द ही सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।

 

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों के गड्ढों को भरने और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी आंदोलन और अधिक उग्र रूप से किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा।

कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मांग की कि अल्मोड़ा नगर की सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा गड्ढों को भरने और सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

 

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील शाह, भैरव गोस्वामी, ताराचंद शाह, आनंद बगड़वाल, वैभव पांडे, ऋतिक नयाल, दीपक कुमार, अनूप भारती, विकास कुमार, मुकेश कुमार डैनी, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, मनोज बिष्ट, सलीम अख्तर, गोविंद सिंह मेहरा, अरविंद रौतेला, एन. डी. पांडे, रविंद्र टम्टा, पूरन रौतेला, आनंद सिंह बिष्ट, तारा तिवारी, विशाल कनवाल, देवेश जोशी, आशा शर्मा, विनोद बिष्ट, चंपा कांडपाल, हरीश आर्य, राज चौहान, आर्यन, विनीत वाल्मीकि सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

अल्मोड़ा: कमला खत्री ने 97.91 परसेंटाइल के साथ उत्तीर्ण की नेट परीक्षा

अल्मोड़ा: नगर के नृसिंहबाड़ी निवासी कमला खत्री ने संस्कृत विषय में नेट परीक्षा 2026 उत्तीर्ण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *