अल्मोड़ा: जिला सहकारी बैंक की 53 वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक एक होटल सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान बैंक की तीन वर्षों की वित्तीय प्रगति, आय-व्यय का विवरण और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
बैंक अध्यक्ष मिली लटवाल ने बैठक में बताया कि बैंक का निक्षेप वर्ष 2023-24 में 879.80 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1036.21 करोड़ रुपये हो गया है। इसी तरह बैंक का कुल अग्रिम 377.96 करोड़ से बढ़कर 483.45 करोड़ रुपये और कुल विनियोजन 722.17 करोड़ से बढ़कर 854.88 करोड़ रुपये पहुंच गया है। बैंक का शुद्ध लाभ भी 7.10 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.01 करोड़ रुपये हो गया है।
बैंक अध्यक्ष मिली लटवाल ने यह भी बताया कि बैंक की तीन नई शाखाएं नागचुलाखाल, कुंवाली और चमड़खान में खोली जाएंगी। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इन शाखाओं का संचालन शुरू किया जाएगा।
बैठक में बैंक संचालक मंडल की उपाध्यक्ष भावना जोशी, संचालक हृदयेश मेहरा, विनीत बिष्ट, नीमा देवी, पुष्पा भाकुनी, विमला देवी, गणेश सिंह, महेश चंद्र सिंह, हरीश सिंह, नरेंद्र राम, मोहन सिंह सिंगवाल, विक्रम सिंह और डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष ललित मोहन सिंह लटवाल मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, गोविंद सिंह पिलख्वाल, एके सिकंदर पवार, रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, नवीन बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, मंगल रावत सहित बैंक के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अनुभाग अधिकारी भूपेंद्र बिष्ट ने किया।
India Bharat News Latest Online Breaking News