Breaking News

कुमाउं: जानलेवा हमले का षड्यंत्रकारी 3 साल से फरार… अब इनाम की राशि हुई 50 हजार

पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी

रामनगर: जानलेवा हमले का षड्यंत्र रचने वाले साढ़े 3 साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनामी राशि 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी है। आरोपी की इससे पूर्व दो घरों की कुर्की भी हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार रहने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार यह लोमहर्षक घटनाक्रम साल 2019 में 2 अक्तूबर गांधी जयंती के दिन दोपहर को तब हुआ था जब लछमपुर नया आबाद बैलपोखरा निवासी चंद्रशेखर टम्टा पुत्र केशराम को 2 अज्ञात हमलावरों ने उनके छोई स्थित फार्म बलवीर गार्डन में घुसकर उन पर जान से मारने के इरादे से अंधाधुंध गोलियां चला दी थी। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर को 2 गोलियां लगी थी। जिसमें से एक गोली चंद्रशेखर के गले में लगी थी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए थे। चंद्रशेखर को हल्द्वानी इलाज के लिए ले जाया गया था।

दूसरी ओर इस मामले में चंद्रशेखर के पुत्र हेमंत शेखर ने इस प्रकरण का कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज निकालने पर उनके प्रोफेशनल शूटर होने की पुष्टि हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस सीसीटीवी की फुटेज में दिख रहे हमलावरों को पकड़ने में कामयाब हुई थी।

गिरफ्तार शूटरों का कहना था कि उन्होंने चंद्रशेखर के भूमि पार्टनर नई दिल्ली निवासी महेश आगरी के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया था। जिस पर पुलिस ने मुकदमे में महेश आगरी को षड्यंत्रकारी मानते हुए उसे नामजद किया था। पुलिस ने महेश की गिरफ्तारी के प्रयास किए तो वह अपने दिल्ली स्थित घर से फरार हो गया। जिस पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश से महेश के दो घरों की कुर्की के बाद भी उसके फरार रहने पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। लेकिन इसके बाद भी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था।

कुमाउं पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे की ओर से फरार महेश की गिरफ्तारी के लिए इनामी राशि को 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी गई।

मामले में कोतवाल अरूण कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

हमसे whatsapp पर जुड़ें
हमसे youtube पर जुड़ें

Check Also

अल्मोड़ा-(बड़ी खबर):: ठेकेदारों ने PWD के एसई का किया घेराव, कहा- JE भारी सुविधा शुल्क की करता हैं डिमांड… जानिए पूरा मामला

अल्मोड़ा: सालों से लंबित बिलों का भुगतान नहीं होने व जेई के खिलाफ कार्यवाही की …