अल्मोड़ा: जिले में एक व्यक्ति द्वारा महिला के घर में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत करने व मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला से गालीगलौच की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये है मामला-
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दन्या निवासी एक महिला ने थाना दन्या में नामजद तहरीर सौंपी। तहरीर में महिला ने कहा कि बीते सोमवार को वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला गोधन सिंह पुत्र देव सिंह, निवासी ग्राम थली, थाना दन्या गलत नियत से उसके घर में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला का आरोप है कि जब उसके इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ लकड़ी के डंडे से मारपीट कर उसे घायल कर दिया और गालीगलौच कर उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
महिला की तहरीर पर थाना दन्या में आरोपी गोधन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने महिला अपराध की गंभीरता को देखते हुए सीओ विमल प्रसाद व थानाध्यक्ष दन्या जसविंदर सिंह को आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर थाना दन्या पुलिस ने आरोपी गोधन सिंह पुत्र देव सिंह को मंगलवार यानि आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रकाश नेगी, हेड कांस्टेबल देशराज व होमगार्ड ललित प्रसाद आदि शामिल रहे।