अल्मोड़ा: नाबालिग का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले एक मनचले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता के भाई ने थाने में शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामले में पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर एक घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार यानि आज एक व्यक्ति ने थाना सोमेश्वर में तहरीर दी कि पंकज कुमार नाम का युवक आये दिन उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन का पीछा कर उसे परेशान व उसके साथ छेड़छाड़ करता है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।
महिला अपराध को देखते हुए आरोपी के खिलाफ थाना सोमेश्वर में तत्काल धारा 354D/506 ipc व 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। थानाध्यक्ष सोमेश्वर विजय सिंह नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त पंकज कुमार उम्र- 19 वर्ष पुत्र शंकर राम, निवासी ग्राम रौल्याणा गूंठ, थाना सोमेश्वर को एक घंटे के भीतर साई पुल, सोमेश्वर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
एसएसपी रामचन्द्र राजगुरु ने बताया कि पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारियों को महिलाओं, बालिकाओं के साथ घटित अपराधों को गंभीरता से लेकर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सोमेश्वर विजय सिंह नेगी के अलावा महिला एसआई मोनी टम्टा, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल सूरज बोरा व होमगार्ड प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
