अल्मोड़ा: नगर के गैस गोदाम लिंक मार्ग के सुधारीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। लंबे समय से यह मार्ग जर्जर हालत में पड़ा हुआ था। जिससे यहां से वाहनों से आवागमन करने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था। स्थानीय लोग लगातार लिंक मार्ग को सुधारने को लेकर संघर्षरत थे। लोगों के बढ़ते विरोध को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी हरकत में आए।
दरअसल, कुछ माह पहले इस लिंक मार्ग में सीवर लाईन बिछाई गई। सीवर लाईन बिछाने के बाद अधिकारी सड़क की मरम्मत करना भूल गए। लक्ष्मेश्वर वार्ड के सभासद अमित साह ‘मोनू’ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मोटर मार्ग की दशा सुधारने को लेकर लगातार संघर्षरत थे। इस मामले में उन्होंने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया और लिंक मार्ग का सुधारीकरण नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लिंक मार्ग का निरीक्षण किया। सभासद अमित साह ने बताया कि अधिकारियों से शनिवार यानि 14 अक्टूबर से गैस गोदाम लिंक मार्ग के सुधारीकरण कार्य शुरू करने की बात कही है। जिसके बाद जल्द ही टेंडर कराकर मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। जल निगम द्वारा लिंक मार्ग के सुधारीकरण के लिए 12 लाख की धनराशि का चैक लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया है।
सभासद अमित साह मोनू ने इसे स्थानीय जनता की जीत बताया। साथ ही इस मामले के लिए आवाज उठाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सभासद अमित साह के अलावा लोक निर्माण विभाग के एई दीप चंद्र पाण्डे, जेई अशोक सिंह, सुनील कर्नाटक, दिनेश मठपाल, नरेन्द्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News