देहरादून: उत्तराखंड से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रजिस्ट्री फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड केपी सिंह की गुरुवार को मौत हो गई। केपी सिंह यूपी के सहारनपुर जेल में बंद था। सुबह तबीयत बिगड़ने पर केपी सिंह को जेल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां से उसे एसबीडी जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने केपी सिंह की मौत को सामान्य बताया है।
पिछले दिनों पुलिस केपी सिंह को वारंट पर देहरादून लेकर आई थी। इसके बाद उसे वापस सहारनपुर जेल भेज दिया गया था। केपी सिंह कई बड़ी जमीनों के फर्जीवाड़े में शामिल रहा है।
रहस्यमयी मौत से खड़े हुए कई सवाल
केपी सिंह की इस तरह अचानक हुई रहस्यमयी मौत से कई सवाल खड़े हुए हैं। इससे पहले इस मामले से जुड़े तीन लोगों की मौत पर पुलिस पहले ही संदेह जता चुकी है। इससे पहले तीन बाइंडर की बीते चार सालों में मौत हुई है। दो की शराब पीने और एक का एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस ने जब इन मौतों का कारण जानने को जांच की तो पता चला कि तीनों में से किसी का भी पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। अब केपी सिंह की जेल में मौत सामान्य बताई जा रही है। यह किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं है इसके सवाल पुलिस को ढूंढना चुनौती से कम नहीं है।