Breaking News

Loksabha election 2024:: अल्मोड़ा लोस सीट पर कांग्रेस का समर्थन करेगी AAP व CPI(M), जीत का दावा

अल्मोड़ा: इंडिया गठबंधन की सहयोगी दल आम आदमी पार्टी व भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा का समर्थन करने की घोषणा की है। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा की तानाशाही खत्म करने और लोकतंत्र बचाने को विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बनाया है।

विधायक मनोज तिवारी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, सीपीआई (एम) के आर पी जोशी व युसूफ तिवारी ने बुधवार को चौघानपाटा स्थित कांग्रेस के लोस चुनाव कार्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा पर निशाना साधा।

विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि देश में स्थिति बड़ी विकट है। आज लोकतंत्र खतरे में है और भाजपा द्वारा संविधान को खुर्द-बुर्द करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं। विपक्षी नेताओं को डरा धमकाकर बीजेपी में शामिल कराया जा रहा है। संवैधानिक संस्थानों का राजनीतिक दुरुप्रयोग को रोकने व लोकतंत्र व संविधान को बचाने के लिए आज विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बनाया है।

विधायक तिवारी ने कहा कि भाजपा ने 2014 में सत्ता में आने से पहले हर साल 2 करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया था। अगर वाकई में बीजेपी ने हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार दिया है तो वह श्वेत पत्र क्यों नहीं ला रही है? उन्होंने कहा कि आगामी 19 अप्रैल को कांग्रेस अल्मोड़ा लोकसभा के साथ ही प्रदेश की पांचों सीट पर जीत का परचम लहरायेगी।

आप जिलाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देश में बेरोजगारी आज रिकॉर्ड स्तर पर है, महंगाई आसमान छू रही है। लेकिन भाजपा के नेता अपने जुमलों से देश की जनता को बरगला रहे है। भाजपा का यह झूठ अब ज्यादा नहीं चलने वाला है। देश की जनता अब भाजपा के चाल, चरित्र को अच्छे से समझ चुकी है।

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव आर पी जोशी ने कहा कि देश आज एक गंभीर दौर से गुजर रहा है। विपक्षी दलों के सीएम व नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। हिंदू-मु​स्लिम को लड़ाकर समाज में सम्प्रदायवाद का जहर बोया जा रहा है। भाजपा सरकार में मनरेगा के बजट में लगातार कटौती की जा रही है।

सीपीआई (एम) के यूसुफ तिवारी ने कहा कि यह चुनाव देश की अस्मिता की रक्षा का चुनाव है। भाजपा द्वारा पिछले 10 सालों में संविधान को कुचलने का काम किया गया है। भाजपा सरकार में सबसा बड़े घोटाला इलेक्टोरल बॉंड के रूप में सामने आया है। जिस पर देश की मुख्य मीडिया ने चुप्पी साधी है और अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने इसे भारत का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है तो लोकतंत्र व संविधान को खत्म करने की साजिश रच रहे लोगों को हटाना होगा। उन्होंने जनता से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील की है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज व नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।

Check Also

Monsoon Marathon:: अल्मोड़ा में 28 को होगी ‘मानूसन मैराथन’, अल्मोड़ा समेत कई जिलों के धावक लेंगे हिस्सा, प्राइज मनी समेत जानें पूरी डिटेल्स

अल्मोड़ा: श्री यूथ क्लब धारानौला की ओर से सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पहली बार ‘मानूसन …