अल्मोड़ा: नीट व नेट परीक्षा में हुई गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को चौघानपाटा में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कहा कि पेपर में लगातार हो रही गड़बड़ियां देश के होनहार युवाओं के हितों पर कुठाराघात है। देश और प्रदेश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन सरकार इन गड़बड़ियों पर लगाम लगाने में विफल साबित हुई है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना, उसके बाद दोबारा से नेट की परीक्षा का पेपर लीक होना बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है, उन्होंने इसे योग्य युवाओं के साथ अन्याय बताया है। कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस लगातार इस मामले में आवाज उठाएगी।
कांग्रेसजनों ने कहा कि पेपर लीक होना इस बात को दर्शाता है कि भाजपा सरकार और उनके नेताओं के संरक्षण में देश के अन्दर बड़े घोटालेबाजों का नेटवर्क चल रहा है। लेकिन इस पर भाजपा के लोग सबक लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश के सारे युवा, छात्र-छात्राएं सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि नीट व नेट परीक्षा के घोटाले की लड़ाई छात्र-छात्राओं की लड़ाई नहीं है बल्कि इस देश के भविष्य की लड़ाई है। कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस दौरान नगर अध्यक्ष कांग्रेस तारा चंद्र जोशी, जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव, प्रदेश सचिव उत्तराखंड महेश आर्या, नगर महामंत्री वैभव पाण्डे, जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस दीपक कुमार, रवींद्र कुमार टम्टा, नारायण दत्त पांडे, मनोज सनवाल, जिलाध्यक्ष महिला काग्रेस राधा बिष्ट, तारा तिवारी, सरस्वती, सचिन आर्य, प्रदीप बिष्ट, गौरव सतवाल, कमल बिष्ट, संजय कुमार पाल, हरीश भट्ट, रोहन कुमार, दानिश खान, दीवान धपोला, पान सिंह बिष्ट, किशन बिष्ट, पान सिंह चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।