अल्मोड़ा। जिला प्रशासन द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आर्थिकी को बढ़ाने के उद्देश्य से करवाचौथ पर 19 एवं 20 अक्टूबर को नगर के पांच स्थानों पर मेहंदी स्टॉल लगाए जाएंगे। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत मेहंदी आर्ट को रोजगार से जोड़ने के लिए डीएम आलोक कुमार पांडेय की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस संबंध में शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि नगर के नंदादेवी, चौघानपाटा, रघुनाथ मंदिर, रामलीला मैदान खत्याड़ी एवं जिला पंचायत परिसर धारानौला में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए स्टाल लगाए जाएंगे। जिसमें करवाचौथ के अवसर पर मेहंदी लगाने का कार्य होगा।
मेहंदी लगाने के लिए समूह की महिलाओं को जिला प्रशासन विभागीय माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराएगा। तथा प्रोत्साहन स्वरूप आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में तय हुआ कि बाजार मूल्य से आधे रेट पर (एक हथेली पर मात्र 50 रुपए में) ये महिलाएं मेहंदी लगाएंगी। जिससे इन महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ साथ गृहणियों की आर्थिक बचत भी होगी। मेहंदी लगाने वाली महिलाओं में राजकीय बाल गृह किशोरी बख की बालिकाएं भी शामिल होंगी।
डीएम ने कहा कि मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को प्रतियोगिता के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिलाए जाएंगे। कहा कि भविष्य में इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर किया जाएगा। और तय स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में डीडीओ एसके पंत, डीपीओ पीतांबर प्रसाद, ईओ नगर निगम भरत त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।