Breaking News

पाला प्रभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड चस्पा करें, शीत लहर से निपटने के लिए डीएम ने अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

अल्मोड़ा। शीत लहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर दी है। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने कलक्ट्रेट में बैठक के दौरान सभी एसडीएम को ठंड से बचाव के लिए तहसील व अन्य स्थानों पर अलाव जलाने एवं क्षेत्र में निर्धन व असहाय व्यक्ति को कंबल वितरण करने के लिए निर्देशित किया।

डीएम ने सभी लकड़ी टालों पर सूखी लकड़ी का पर्याप्त स्टॉक रखने, रेन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण करने, सड़क मार्गों पर पाला प्रभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड चस्पा करने, बर्फबारी वाले क्षेत्रों में सड़क मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने डीएसओ को निर्देश दिए कि जनपद के सभी क्षेत्रों में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए तथा जनपद के बर्फबारी वाले क्षेत्रों तथा अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में माह मार्च तक का राशन सस्ता गल्ला विक्रेताओं को उपलब्ध करा दिया जाए ताकि संबंधित क्षेत्र के लोगों को शीतकाल में राशन न मिलने संबंधी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी व पीएचसी में सभी आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ ही अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाय। अधिशासी अभियंता, जल संस्थान, पेयजल निगम को पेयजल की समस्या, जिन स्थानों पर भारी बर्फबारी के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है उन्हें पूर्व में ही चेक करके ठीक करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी के दौरान जिले में विद्युत व्यवस्था तुरंत सुचारू की जा सके, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां रखी जाय।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने मुख्य एजेंडा बिंदु से सभी अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में एडीएम सीएस मर्तोलिया सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

न पत्राचार, न दफ्तर के चक्कर, ‘हैलो हेल्प’ से घर बैठे प्रशासन तक पहुंच रही जनता की शिकायत

-अब तक प्राप्त हुईं 562 ​शिकायतों से 352 का हुआ निस्तारण -दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों …