देहरादून: नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस को एक और झटका लगा है। अल्मोड़ा से मेयर टिकट वितरण से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह कदम निकाय चुनाव में पार्टी के लिए झटका माना जा रहा है।
बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस नेतृत्व की कार्य प्रणाली और टिकट बंटवारे पर असंतोष व्यक्त किया है। देहरादून में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा, वह पिछले कई वर्षों से कांग्रेस के लिए समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे थे। कांग्रेस में नैतिक मूल्यों का अब कोई स्थान नहीं रह गया है, लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि वह लगातार 35 सालों से कांग्रेस में निष्ठावान कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने निकाय चुनाव में पैराशूट कैंडिडेट उतार कर समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराया है। इसलिए उन्होंने भारी मन से राजनीतिक सफर को छोड़ने का निर्णय लिया है।
बिट्टू कर्नाटक का कहना है कि उनका पार्टी से इस्तीफा देने का सबसे प्रमुख कारण यह है कि आज कांग्रेस पार्टी पद भ्रमित होकर ऐसे कृत्य कर रही है, जो पार्टी के कार्यकर्ताओं के हित में नहीं हैं। जिसका जीता जागता उदाहरण नगर निगम चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं को मेयर का टिकट न देकर बाहरी व्यक्ति को पार्टी का टिकट देकर सर आंखों पर बिठाना है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता वर्षों से कांग्रेस को मजबूत करने का काम कर रहे हैं चुनाव के वक्त उनका दरकिनार कर केवल दरी बिछाने का काम कांग्रेस पार्टी लेती है,उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। केवल पैसे वाले पैराशूट प्रत्याशियों को लाकर कार्यकर्ताओं के सर पर बैठाया जा रहा है। अल्मोड़ा ओबीसी सीट होने के बाद कांग्रेस ने अपने जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर मात्र एक दिन के भीतर बाहरी व्यक्ति को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाकर टिकट का भी आवंटन कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से पार्टी का आम कार्यकर्ता आज निराश है।
कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेस में संगठन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और कांग्रेस पार्टी केवल और केवल एक प्राइवेट फार्म बनकर रह गई है, जिसको कुछ चुनिंदा लोग संचालित कर रहे हैं। पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता जो सालों से पार्टी की सेवा करता है उसको इस पार्टी में दुत्कार के सिवा कुछ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस में आम कार्यकर्ताओं के लिए चुनिंदा नेताओं का व्यवहार चल रहा है यह कांग्रेस को निरंतर पतन की ओर ले जाएगा और निश्चित रूप से कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं की हरकतों के कारण जो कांग्रेस रूपी जहाज है बहुत जल्द कार्यकर्ता विहीन होगा और अंततः विलुप्त हो जाएगा।