Breaking News

Almora:: करन माहरा ने बहुमत के साथ निकाय चुनाव जीतने का किया दावा, BJP पर साधा निशाना

अल्मोड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बहुमत के साथ निकाय चुनाव जीतने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने सत्ता का दुरुप्रयोग नहीं किया तो अल्मोड़ा, श्रीनगर समेत प्रदेश की कई महापौर की सीटें कांग्रेस की झोली में जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए किस तरह के हथकंडे अपनाती है यह मंगलौर उपचुनाव में सभी ने देखा है।

नगर के एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में करन माहरा बीजेपी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा इस चुनाव में कांग्रेस शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर चुनाव में जा रही है। लेकिन भाजपा बंटोग तो कटोगे, लैंड जिहाद, थूक जिहाद नारों के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में आज महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। नौ हिमालयी राज्यों में महिला अपराध में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। सल्ट, चंपावत, हरिद्वार में भाजपा नेताओं पर नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण करने के आरोप लगे। दुष्कर्म करने वाले भाजपा नेता आज जमानत पर बाहर है।

पार्टी नेताओं के कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर माहरा ने बिना किसी के नाम लिए कहा कि कांग्रेस छोड़ रहे कुछ नेताओं पर भ्रष्ट्राचार और अन्य तरह के आरोप है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के पास ईमानदारी की वाशिंग मशीन है वह पार्टी ज्वाइन करने वालों को ईमानदार बना देती है। भाजपा ज्वाइन करने वाले भी वाशिंग मशीन में धुलने के बाद साफ व ईमानदार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि तराई के एक विधायक कांग्रेस में शामिल होना चाहते है लेकिन संगठन ने उन्हें अपनाना उचित नहीं समझा। कांग्रेस में दूसरे पार्टी के लोगों को शामिल कराने की कोई जल्दबाजी नहीं है। कांग्रेस जमीनी व मजबूत नेताओं को ही पार्टी में शामिल कराती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी पार्टी छोड़ी है उन्होंने कांग्रेस के साथ नहीं ​बल्कि खुद के साथ धोखा किया है।

पीसीसी चीफ माहरा ने कहा कि अल्मोड़ा में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का मुख्य फोकस नगर में शिक्षा, स्वास्थ्य व पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने पर रहेगा। लोगों को साफ पानी मिल सके इसके लिए प्रत्येक वार्ड में बड़े वॉटर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे। वार्डों में कैंप लगाकर जनसमस्याओं को सुना जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, प्रत्याशी भैरव गोस्वामी, आनंद बगडवाल, तारा चंद्र जोशी, राधा बिष्ट, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

Check Also

Road accident:: कुमाउं में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, 2 युवकों की मौत

इंडिया भारत न्यूज डेस्क: उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है।सीमांद …