सीएम ने कहा, डेमोग्राफिक बदलाव पर सरकार संवेदनशील, नगर विकास को अजय को जीताने का आह्वान
अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा समाज के सभी वर्गों को साथ देकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास करने में भाजपा सरकार ही सक्षम है। प्रदेश को लैंड, लव और थूक जिहाद से मुक्त कराने एवं डेमोग्राफिक बदलाव को रोकने को सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। उत्तराखंड के यूसीसी बिल को देश में सराहना मिली है और इस महीने के अंत में राज्य में समान नागरिक संहिता कानून लागू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री अल्मोड़ा के रैमजे इंटर कॉलेज प्रांगण में भाजपा की चुनावी सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर अल्मोड़ा के विकास में गंभीरता नहीं बरतने का आरोप लगाया। कहां लंबे समय से पालिका में कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधि होने के बाद भी समस्याए हल नहीं हुई है। उन्होंने कहा सरकार ने सरयू सेराघाट पंपिंग योजना के लिए 305 करोड रुपए की वित्तीय मंजूरी दी है, जल्द ही काम शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा सरकार ने युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी और स्वरोजगार उपलब्ध कराया है। विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। मानसखंड मिशन योजना के जरिए भी धार्मिक पर्यटक स्थलों को विकसित करने का काम चल रहा है।
धामी ने कहा भाजपा भारतीय सोच के साथ काम कर रही है जबकि कांग्रेस मुगलिया सोच के साथ तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा निकाय चुनाव नगर के विकास का चुनाव है। पार्टी ने संकल्प पत्र जारी कर अपनी प्राथमिकताएं जनता के सामने रखी है। नगर का पहला मेयर जीतने पर संकल्प पत्र के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से मेयर प्रत्याशी अजय वर्मा और अधिकृत सभासद प्रत्याशियों को जीताने की अपील की।
केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा और प्रत्याशी अजय वर्मा ने भी विचार रखें। जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने सभी का स्वागत किया। संचालन महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट और ललित दोसाद ने किया। मुख्यमंत्री की सभा के दौरान अल्मोड़ा में कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।
अराजकता पर होगी कड़ी कार्रवाई
बागेश्वर के कपकोट में हुई चाकू बाजी पर मुख्यमंत्री धामी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सरकार से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सरकार संवेदनशील है। बागेश्वर घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन्होंने किया संबोधित
मुख्यमंत्री के संबोधन से पहले पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, चुनाव प्रभारी प्रदीप बिष्ट, ललित लटवाल, सिकंदर पवार, बिट्टू कर्नाटक, मनोज जोशी, सुभाष पांडे, मनोज वर्मा आदि ने विचार रखे।
इस दौरान जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, प्रदेश प्रवक्ता गौरव पांडे, किरन पंत, रवि रौतेला, गिरीश खोलिया, राजन जोशी, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी, लीला बोरा, लता बोरा, डॉ वसुधा पंत, त्रिलोचन जोशी, मनोज सनवाल, राजा खान, कैलाश गुरुरानी, देवाशीष नेगी, मनोज बिष्ट, अन्नू साह, दर्शन रावत, प्रेम लटवाल, देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।