अल्मोड़ा। नगर निगम में महापौर के पद के लिए पहली मर्तबा होने जा रहा चुनाव रोमांचक होते जा रहा है। कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशी भैरव गोस्वामी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए सोमवार को ऐतिहासिक रैमजे इंटर कॉलेज के प्रांगण में जनसभा आयोजित की। जिसमें सैकड़ों की तादात में कार्यकर्ता व भैरव गोस्वामी के समर्थक मौजूद रहे।
जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संबोधित करना था। लेकिन किसी वजह के चलते वें नहीं पहुंच पाए। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। जनता भाजपा की कथनी व करनी को समझ चुकी है। सभी जगहों पर भाजपा का जनाधार लगातार गिर रहा है। इस निकाय चुनाव में भाजपा का सफाया होने जा रहा है। अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़ सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय है।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा, पिछले 10 साल से प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। इन सालों में सबसे अधिक स्थानीय निकाय प्रभावित व कमजोर हुए है। सरकार का नगर प्रशासन से समन्वय न होने के कारण अधिकांश निकायों में पेयजल, बदहाल सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम, गंदी नालिया समेत कई समस्याएं है नगर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। कांग्रेस इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सपने निकायों को सशक्त करने को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की सीट फतह करने के साथ ही कांग्रेस सभी निकायों में जीत दर्ज करने जा रही है।
कांग्रेस प्रत्याशी भैरव गोस्वामी ने कहा कि भाजपा मेयर सीट जीतने का जो सपना देख रही है वह सपना ही रहने वाला है। उन्होंने कहा कि अगर वह मेयर बनते हैं तो नगर में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटन, युवाओं के लिए ई लाइब्रेरी, नगर के लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रमुखता से काम करेंगे। शहर की जनता की राय लेकर विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व पालिकाध्यक्ष स्व. विजय जोशी ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक काम किए। अल्मोड़ा में पर्यटन के दृष्टिकोण से रोपवे लगाना भी उनका एक सपना था। अगर वह मेयर बने तो स्व. विजय जोशी के सपनों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के पास शहर के विकास के लिए एक विजन है। लेकिन भाजपा अपने प्रत्याशी के सरल, सहज होने की बात कहते हुए जनता के बीच जा रही है भाजपा व उनके प्रत्याशी के पास शहर के विकास के लिए कोई विजन नहीं है। विधायक क्वारब डेंजर जोन को लेकर भी भाजपा को घेरने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया बीते दिनों चुनावी जनसभा करने अल्मोड़ा आए, लेकिन क्वारब को लेकर उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। जबकि क्वारब में जिस तरह के हालात बने है उससे पिछले पांच माह से व्यापारी व आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री का जिम्मा स्थानीय सांसद के पास होने के चलते लोगों को बड़ी उम्मीद थी कि जल्द ही इस समस्या का समाधान करा लिया जाएगा। लेकिन केंद्रीय राज्य मंत्री व उनकी सरकार पांच माह बीत जाने के बावजूद सड़क व पहाड़ी का ट्रीटमेंट नहीं करा पाई। उन्होंने कहा कि जनता को अब वोट से इसका बदला लेने की आवश्यकता है। इस दौरान विधायक ने अपने पूर्व व वर्तमान कार्यकाल की कई उपलब्धियां भी गिनाई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कांग्रेस भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, शोभा जोशी, राजेंद्र बाराकोटी, आनंद बगडवाल, महेश चंद्र आर्या, जमन सिंह, अजीत कार्की, केवल सती, पीतांबर पांडे, दीवान सतवाल, प्रताप सत्याल, राधा बिष्ट, गीता मेहरा, मनोज वर्मा, विनोद वैष्णव, निर्मल रावत, दीप डांगी, हर्ष कनवाल, रमेश भाकुनी, दिनेश नेगी, दिनेश पिलख्वाल, आनंद बिष्ट, विपुल कार्की, ललित सतवाल, सुशील साह, अश्वनी नेगी, रूचि कुटौला समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।