Breaking News
Oplus_0

Almora-Haldwani NH:: अल्मोड़ा-हल्द्वानी NH में कभी भी रुक सकती है वाहनों की रफ्तार, मलबा आने से 2 घण्टे रहा बाधित

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाईवे में क्वारब डेंजर जोन के पास मुसीबत अब भी कम नहीं हुई है। बारिश शुरू होते ही पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने के सिलसिला फिर शुरू हो गया है। जिस कारण हाईवे शुक्रवार दोपहर में करीब दो घण्टे बाधित रहा। इस दौरान यहां फंसे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अगर पहाड़ी का जल्द ट्रीटमेंट नहीं हुआ तो भविष्य में यहां बड़ी मुश्किलें खड़ी हो सकती है। और वाहनों की रफ्तार पर कभी भी ब्रेक लग सकता है।

क्वारब के पास दरक रही पहाड़ी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। पिछले सात माह में यह मार्ग अनगिनत बार बंद हो चुका है। जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले माह सड़क वाशआउट होने के बाद विभाग ने पहाड़ी को काटकर सड़क का चौड़ीकरण किया था। जिसके बाद कुछ हद तक लोगों को राहत मिली। लेकिन दो दिन से हो रही बारिश के चलते एक बार फिर पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने शुरू हो गए है।

पहाड़ी का ट्रीटमेंट के लिए स्थायी समाधान खोजने के लिए त्वरित गति से कार्य न होने पर लोगों में खासा आक्रोश है। बार बार बाधित हो रहे हाईवे को लेकर पूर्व में भी लोगो ने केंद्रीय राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा तथा जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। लेकिन हालत अब भी जस की तस है।

यात्री व वाहन चालक खतरे के बीच इस मार्ग से आवागमन करने को विवश है। जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाइवे में क्वारब के पास रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है।

 

Check Also

हवालबाग विकासखंड में हुई प्रधान संगठन की बैठक, मानदेय वृद्धि और भुगतान व्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से उठे

अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को आयोजित प्रधान संगठन की बैठक में ग्राम प्रधानों …