अल्मोड़ा: खेल महाकुंभ के अंतर्गत न्याय पंचायत खत्याड़ी एवं नगर क्षेत्र की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ आज नगर स्थित पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन महापौर अजय वर्मा ने किया।
महापौर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। खेल महाकुंभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने कहा कि खेल महाकुंभ विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। विद्यालय प्रतिभावान खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
इस प्रतियोगिता में न्याय पंचायत खत्याड़ी एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिनों तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन भुवन सिंह चिलवाल ने किया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी खेल भावना एवं उत्साह के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पार्षद हेम तिवारी, पीटीए अध्यक्ष मदन नगरकोटी, एसएमसी अध्यक्ष आशा डालाकोटी, ब्लॉक खेल समन्वयक पंकज टम्टा, दीपक वर्मा, सुंदर सिंह रौतेला, राजेंद्र सिंह कनवाल, नीरू पांडे, सुजाता शर्मा, हरीश भट्ट सहित कई शिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
