सीएम धामी ने कहा, तीन साल में सेवा, सुशासन और विकास के नये आयाम हुए स्थापित
अल्मोड़ा। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोटर्स स्टेडियम में आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविर में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के 50 स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों व लाभार्थियों से संवाद किया। इस मौके पर सीएम ने जिला स्तर पर पशुपालन विभाग द्वारा शुरू की गई जिला बछिया योजना का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में सीएम के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि तीन साल पहले सरकार बदलने का जो मिथक था, जनता ने उस परिपाटी को तोड़ते हुए भाजपा को बहुमत देकर एक नया इतिहास रचा। उन्होंने शपथ लेने के साथ ही राज्य को हर क्षेत्र में विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया था। और जब तक उनका यह संकल्प पूरा नहीं होगा व चैन से नहीं बैठेंगे।
सीएम ने कहा कि सरकार हर उस फैसले को लेगी जो राज्य के हित में होगा। इसी का प्रमाण है कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करके देश में नया कीर्तिमान बनाया है। सरकार ने सशक्त भू कानून लागू कर दिया है। अब कोई भी बाहरी व्यक्ति उत्तराखंड में अवैध रूप से जमीन खरीदने और उसे खुर्द बुर्द करने का काम करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने कहा राज्य की जनता की हित में जहां भी आंच आएगी सरकार वहां कठोर निर्णय लेने में एक कदम पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्य महज ट्रेलर हैं आगे लंबा सफर तय करना है।
सीएम धामी ने कहा कि पिछले तीन सालों में अल्मोड़ा जिले में पीएमजीएसवाई के तहत 248 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा लोनिवि से भी करोड़ों रुपये से कई मोटर मार्ग का निर्माण व नवीनीकरण का कार्य किया है। 400 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा पौड़ी रुद्रप्रयाग को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण और 922 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा बागेश्वर की सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। सरकार लगातार युवाओं को रोजगार मुहैया करा रही है। पारदर्शिता के साथ बिना किसी नकल के 20 हजार युवाओं को नौकरी प्राप्त की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सरकार द्वारा पिछले तीन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल, हवाई कनेक्टविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों को इन्फ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने का काम मजबूती के साथ हुआ है। प्रदेश सरकार ने बेरोजगारी दर में 4.4 फीसदी की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ने का काम किया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत चितई, कटारमल, कसार देवी, नंदा देवी सहित कई मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
इससे पहले सीएम के हैलीपैड पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल व भाजपा पदाधिकारियों, डीएम आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद्र पींचा ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल स्टेडियम पहुंचने पर छोलिया कलाकारों ने अपने नृत्य तथा महिलाओं एवं बच्चों ने पुष्प वर्षा कर सीएम का स्वागत किया।
इस मौके पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, रवि रौतेला, मंडल अध्यक्ष भैसियाछाना मंगल रावत, मंडल अध्यक्ष हवालबाग संजय बिष्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, प्रेम लटवाल सहित अन्य अधिकारी व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद द्वार का किया लोकार्पण
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करबला के पास राम कृष्ण मिशन द्वारा नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद द्वार का विधिवत उद्घाटन कर लोकार्पण किया। इस मौके पर रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानंद महाराज सहित मिशन के कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए उनके आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमारे ही नहीं बल्कि विश्व के आदर्श हैं, हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
