Breaking News

अल्मोड़ा में कैफे में लगी आग, मची अफरा-तफरी, अधिक जानकारी के लिए पढ़ें पूरी खबर

अल्मोड़ा। नगर के मॉल रोड स्थित एक कैफे में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना पर फायर सर्विस की टीम दमकल वाहनों के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंची। फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

मंगलवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे मॉल रोड में एलआईसी आफिस व आर्य समाज मंदिर के पास स्थित एक कैफे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने किचन में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना पर कई लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की जानकारी दी। जिसके बाद फायर सर्विस की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पहुंची।

 

धुएं के गुब्बार के बीच किसी तरह फायर कर्मियों ने आग को कंट्रोल किया और किचन में रखे दो सिलेंडर बाहर निकाले। अगर दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो कैफे से लगे अन्य प्रतिष्ठान भी आग की चपेट में आ सकते थे। गनीमत रही कि समय रहते आग को काबू कर लिया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस अग्निकांड में कैफे में रखा अधिकांश सामान जल चुका है। नुकसान कितना हुआ इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र कुंवर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम घटनास्थल पहुंच चुकी थी। पूछताछ में कैफे स्वामी ने बताया कि आग लगने से कुछ देर पहले सिलेंडर बदला था। आशंका है कि सिलेंडर लीक होने के चलते कैफे में आग लगी होगी। मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ा युवा चेहरे का कद, कुंदन लटवाल बने दर्जाधारी राज्यमंत्री, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अल्मोड़ा: प्रदेश की धामी सरकार ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय और ऊर्जावान युवा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *