Breaking News

Almora: राजनाथ सिंह ने कहा… ‘हमारा ‘पुष्कर’ फ्लावर भी है और फायर भी’

अल्मोड़ा। चुनाव प्रचार के आखरी हफ्ते में भाजपा ने उत्तराखंड में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के स्टार प्रचारक केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जागेश्वर विधानसभा के दन्या पहुंचे। जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। बीजेपी प्रत्याशी मोहन सिंह मेहरा के समर्थन में जनसभा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में एक बार फिर से बीजेपी सरकार बनने जा रही है।

तय समय से करीब डेढ़ घंटा देरी से 3 बजकर 37 मिनट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दन्या मैदान पहुंचे। अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने उत्तराखंड राज्य बनाया और विशेष राज्य का दर्जा दिया। जबकि कांग्रेस सरकार ने उत्तराखंड से विशेष राज्य का दर्जा छीनने का काम किया। कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं होने पर राजनाथ सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं कर पाई है। जबकि बीजेपी का अगला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के 6 महीने के कार्यकाल की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक काम किए। पुष्पा फिल्म का मशहूर डायलॉग बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने पुष्कर धामी को फ्लावर समझा लेकिन पुष्कर तो फायर निकला।

वही, राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन में एक मशहूर पत्रकार ने खोजबीन के बाद लिखा था की गलवान में भारत चीन सैन्य संघर्ष में 38-50 सैनिक मारे गये। लेकिन राहुल गांधी सैनिकों के पराक्रम पर सवाल उठाते रहे।राजनाथ सिंह ने कहा कि सैनिकों के पराक्रम पर सवाल उठाने वालों को वोट की चोट से जवाब दे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। वन रैंक वन पेंशन लागू किया। चीन के बार्डर पर आसानी से पहुंच बन गई है। वहां तक सड़कों का जाल बिछा दिया है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया। जम्मू कश्मीर का आज वहीं दर्जा है जो देश के अन्य राज्यों का है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं को कानून बनाकर भारत की नागरिकता का अधिकार दिया। किसान सम्मान निधि दी गई। हर किसान के खाते में 6 हजार रुपया आ रहा है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का कार्य किया गया। सारी दुनिया में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है।

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि कल यानी बुधवार को पार्टी अपना मेनिफेस्टो जारी करेगी। हमने पिछले घोषणा पत्र के सभी वादों को पूरा किया था और इस बार भी घोषणा पत्र के सभी वादे पूरे होंगे। इस दौरान उन्होंने जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सांसद अजय टम्टा, डीसीबी अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा नेता सुभाष पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, गौरव पांडेय, पूनम पालीवाल, नरेन्द्र बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट, दीपक पांडेय समेत बीजेपी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Check Also

Monsoon Marathon:: अल्मोड़ा में 28 को होगी ‘मानूसन मैराथन’, अल्मोड़ा समेत कई जिलों के धावक लेंगे हिस्सा, प्राइज मनी समेत जानें पूरी डिटेल्स

अल्मोड़ा: श्री यूथ क्लब धारानौला की ओर से सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पहली बार ‘मानूसन …