अल्मोड़ा: शमशेर स्मृति समारोह आयोजन समिति की एक बैठक संपन्न हुई। जिसमें आगामी 22 सितंबर मंगलवार को जननायक डॉ शमशेर सिंह बिष्ट की आठवीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में “अनियंत्रित विकास से घायल हिमालय” विषय पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, गांधीवादी विचारक और पर्यावरणविद् कुमार कलानंद मणि होंगे। जिन्होंने विशेष रूप से गोवा और भारत के अन्य राज्यों में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशिष्ट वक्ता प्रसिद्ध हिमालयी वैज्ञानिक डॉ महेंद्र सिंह मिराल, हिमालय क्षेत्र में ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) पर पावर प्रजेंटेशन देंगे।
बैठक में सदस्यों ने राज्य सरकार द्वारा सरकारी उद्यानों व जमीनों को लीज पर दिये जाने पर आपत्ति व्यक्त की है। उलोवा ने कहा है कि पहाड़ों में सबसे पहले भूमि सुधार व चकबंदी की जानी चाहिए। जिससे कृषि व उद्यान का विकास हो सके। राज्य में बाहरी लोगो द्वारा जमीनों की खरीद फरोख्त पर सख्ती से रोक लगाई जाय। विकास के नाम पर हिमालय में हो रहे विनाश पर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में वाहिनी के जगत रौतेला, रेवती बिष्ट, जंग बहादुर थापा, बिशन दत्त जोशी, दयाकृष्ण कांडपाल, अजेयमित्र सिंह बिष्ट, एड.अजय सिंह मेहता आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News