अल्मोड़ा: ग्राम प्रधान विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 22 सितंबर यानी आज जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश प्रधान संगठन के आह्वान पर हवालबाग ग्राम प्रधान संगठन से जुड़े प्रधान सुबह 11 बजे मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्र होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होने पर आगे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
इससे पहले हवालबाग ग्राम प्रधान संगठन ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगें रखी हैं। ग्राम प्रधानों का कहना है कि समस्याओं के निराकरण को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन से वार्ता और पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई है।
संगठन ने ग्राम प्रधानों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, वार्ड सदस्यों को बैठक भत्ता देने और मानदेय के लिए पृथक फंड की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों को मिलने वाले राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग के अनुदान में वृद्धि, 73 वें संविधान संशोधन के अनुरूप ग्राम पंचायतों को 29 विभागों का हस्तांतरण और विधायक-सांसद निधि की तर्ज पर पंचायत निधि गठित करने की मांग की गई है।
प्रधानों ने 10 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को कार्यदायी संस्था बनाए जाने, सभी ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य बीमा कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वेक्षण में छूटे पात्र परिवारों के नाम ग्राम पंचायतों की आम बैठकों के माध्यम से जोड़ने का अधिकार देने की मांग भी उठाई है।
संगठन का कहना है कि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आज के धरना-प्रदर्शन के बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में हवालबाग प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा, मंत्री प्रमोद जोशी, अनिल टम्टा सहित अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News