Breaking News

अल्मोड़ा (Almora) के पलटन बाजार से खजांची बाजार तक के मार्ग को मिला नया नाम, अब इस नाम से जाना जाएगा यह मार्ग

अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी के रूप में प्रसिद्ध अल्मोड़ा जिले से स्वामी विवेकानंद (Swami Vivekananda) का गहरा नाता रहा है। ऐसे में स्वामी विवेकानंद से जुड़ी स्मृतियों को सहेजने के लिए अब नगर के पलटन बाजार से रघुनाथ मंदिर, खजांची बाजार तक के मार्ग का नाम ‘विवेकानंद मार्ग’ घोषित कर दिया गया है। अब यह मार्ग ‘विवेकानंद मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन, बेलूर मठ के उपाध्यक्ष व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी सुहितानंद महाराज द्वारा विवेकानदं मार्ग शिलापट का अनावरण किया। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी समेत कई संगठनों के लोग मौजूद रहे। स्वामी विवेकानंद पश्चिमी देशों के भ्रमण के बाद जब 11 मई 1897 को दोबारा अल्मोड़ा आये तो उन्होंने इसी मार्ग (पलटन बाजार) से शहर में प्रवेश किया था।

रामकृष्ण कुटीर अल्मोड़ा की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव (स्वतंत्रता के 75 वर्ष) के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वामी विवेकानंद के शिकागों विश्व धर्मसम्मलेन में भारत की पताका फहराने के बाद अल्मोड़ा आगमन की 125वीं वर्षगांठ पर स्थानीय पलटन बाज़ार से रघुनाथ मंदिर, खजांची मोहल्ले तक के मार्ग का नाम विवेकानन्द मार्ग के रूप में घोषित किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय पलटन बाज़ार से लेकर रघुनाथ मंदिर, खजांची मोहल्ले तक नगरपालिका परिषद्, नगर व्यापार मंडल के नेतृत्व में स्वागत रैली निकाली गयी। जिसमें छोलिया कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। स्थानीय निवासियों ने रैली में अक्षत पुष्प अर्पित किये। इस दौरान रघुनाथ मंदिर प्रांगण में एक चिंतन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी सुहितानंद महाराज ने अल्मोड़ा निवासियों व लालाबद्री शाह, जिनके आतिथ्य में स्वामी विवेकानन्द (Swami Vivekananda) रहे, उनके परिवार का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा की विश्वभर में स्वामी विवेकानन्द के नाम पर कोई न कोई मार्ग जरुर है लेकिन अल्मोड़ा के विवेकानन्द मार्ग में स्वामी विवेकानन्द के प्रति विशेष श्रद्धा दिखती हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद स्वामी सुहितानन्द महाराज ने स्वामी विवेकानंद जिस घर में ठहरे थे। वहां जाकर स्वामी विवेकानंद की स्मृतियों से जुड़ी सभी वस्तुओं व सामाग्री के दर्शन किए व उनके बारे में जानकारी ली। इस दौरान मकान स्वामी अर्पित साह ने बताया की उनके परिवार ने स्वामी विवेकानन्द से जुडी सभी सामग्रियों लालटेन, चरणपादुका, हस्त-पंखा, और पत्रों को संजोकर रखा है जिसे देखने के लिए कई पर्यटक देश विदेश से आते हैं।

दिल्ली आश्रम से आये स्वामी शांतात्मानंद में कहा की स्वामी विवेकानन्द जैसे संत कई वर्षो में एक बार आते है उनके विचारों को समझने में आज भी हम अपूर्ण है। इससे पहले अपने स्वागत अभिभाषण में रामकृष्ण कुटीर, अल्मोड़ा के अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानंद ने सभा में मौजूद देश विदेश से आये साधुजनों और जनमानस का अभिवादन किया।

जिला प्रशासन की और से एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान तथा तहसीलदार कुलदीप पाण्डेय ने विवेकानंद मार्ग के अनावरण होने पर रामकृष्ण कुटीर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विश्वभर में रामकृष्ण मिशन समाज कार्य के अलग-अलग रूपों पर बेहतरीन कार्य करने वाली संस्था है।

अपने संबोधन में नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने स्वामी विवेकानन्द की अल्मोड़ा स्मृतियों को याद किया। जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा शहर में स्वामी विवेकानन्द जैसे युगदृष्टा महापुरुष के चरण छाप सदियों तक महसूस की जायेगी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिवा भट्ट तथा जिला सहकारी बैंक के निदेशक विनीत बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। जबकि नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील शाह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया।

ये रहे मौजूद-

कार्यक्रम में स्वामी सुप्रकाशानन्द, सचिव रामकृष्ण मिशन वृन्दावन, स्वामी शांतात्मानन्द, रामकृष्ण मिशन दिल्ली, स्वामी महाकालानन्द, कनखल आश्रम हरिद्वार, स्वामी चन्द्रकान्तानन्द, स्वामी सेवात्मानन्द, बेलूर मठ हावड़ा, स्वामी विश्वमायानन्द सरगाछी आश्रम, स्वामी स्वस्वरूपानन्द, देहरादून आश्रम, स्वामी पुण्यदानंद बांग्लादेश आश्रम, स्वामी जिष्णुदेवानन्द मुंबई आश्रम, स्वामी पराप्रेमानन्द, कथाअमृत भवन, स्वामी दीप्तीमयानन्द हटामुनिगुरा आश्रम, स्वामी नित्याविदानन्द, स्वामी हरीशवरानन्द, स्वामी देव्यानन्द सहित अधिशासी अधिकारी नगरपालिका महेंद्र यादव, डॉ. जे.सी. भट्ट, डॉ चन्द्र प्रकाश फुलोरिया, गिरीश लाल साह, विनोद साह, अजय वर्मा, समता के संपादक मोहन टम्टा, मयंक बिष्ट, वैभव पाण्डेय, नवीन बिष्ट, डॉ जे.सी. दुर्गापाल, मनोज सनवाल सहित कई लोग मौजूद थे।

 

 

Check Also

Monsoon Marathon:: अल्मोड़ा में 28 को होगी ‘मानूसन मैराथन’, अल्मोड़ा समेत कई जिलों के धावक लेंगे हिस्सा, प्राइज मनी समेत जानें पूरी डिटेल्स

अल्मोड़ा: श्री यूथ क्लब धारानौला की ओर से सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पहली बार ‘मानूसन …