अल्मोड़ा। केंद्र सरकार द्वारा आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम जोर शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा की द्वाराहाट मंडल कार्यकारणी की ओर हर घर तिरंगा कार्यक्रम की शुरूआत की गई। कार्यक्रम की एक फोटो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रही है। वायरल फोटो में भाजपा के कई कार्यकर्ता तिरंगे को उल्टा पकड़े नजर आ रहे हैं। इस फोटो के वायरल होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं की जमकर किरकिरी हो रही है।
दरअसल, हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत बीते शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने द्वाराहाट स्थित रानीखेत रोड पर स्टॉल लगाकर लोगों को तिरंगा झंडा बांटा। इस कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक व नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह, मंडल अध्यक्ष उमेश भट्ट, केसीडीएफ अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल समेत भाजपा के मंडल स्तर के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को हाथों में पकड़कर तिरंगा प्रदर्शन किया लेकिन तिरंगे को कैसे पकड़ना है यह वह भूल गए।
वायरल फोटो में साफ दिख रहा है कि कुछ को छोड़कर सभी भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तिरंगा को उल्टा पकड़ा है। बताते चले कि तिरंगा फहराते या उसका प्रदर्शन करते समय केसरिया रंग को सबसे ऊपर होना चाहिए। लेकिन यहां ठीक इसके उलट हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथ में पकड़े तिरंगें में हरा रंग सबसे ऊपर जबकि केसरिया सबसे नीचे दिख रहा है।
भाजपा के द्वाराहाट मंडल अध्यक्ष उमेश भट्ट ने जब यह फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट में शेयर की तो कुछ ही देर बाद कांग्रेसजनों ने इस मुद्दे को हाथोहाथ लेते हुए इसे सोशल मीडिया में वायरल करना शुरू कर दिया। ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वाराहाट ने उमेश भट्ट की फोटो को शेयर करते हुए कहा कि, ‘तिरंगा देश की आन बान शान है। भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि तिरंगा कैसे पकड़ा जाता है भाजपा कार्यकर्ताओं को यह भी मालूम नहीं है।’
हालांकि, तिरंगे का गलत प्रदर्शन होने की भनक लगने पर बाद में मंडल अध्यक्ष उमेश भट्ट ने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट हटा दी और मानवीय भूल का हवाला देते हुए उन्होंने तिरंगा विपरीत दिशा में पकड़ने पर खेद जताया।
इधर मामले में एसडीएम जयवर्द्धन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है तो मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह पुलिस को सूचित कर रहे है।
हमारे whatsap group से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/IZeqFp57B2o0g92YKGVoVz
हमारे youtube चैनल से जुड़े